नरसिंहपुर नगर के सुनियोजित विस्तार की तैयारी के लिए मास्टर प्लान पर विस्तृत समीक्षा हुई
नरसिंहपुर । पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि "नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान" अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, गतिविधियों, नरसिंहपुर नगर के सौंदर्यीकरण और विस्तार के लिए शहर के नागरिकों से राय ली जा रही है। सिंगरी नदी नरसिंहपुर नगर की प्रमुख नदी है। इस प्लान में सिंगरी नदी का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण और नरसिंहपुर नगर तथा ग्राम निवेश पर विस्तृत चर्चा होगी। जिससे नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अपनी राय देंगे। मंत्री श्री पटेल बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, श्री महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, श्री सुनील कोठारी, अन्य जनप्रतिनिधि, व्यापारी, गणमान्य नागरिक और अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री श्री पटेल ने नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति और रोडमैप पर बिंदुवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि शासन की जनहितैषी योजनाओं और जारी निर्माण कार्यों को पूरी निष्ठा एवं गुणवत्ता के साथ नियत समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रही पुरानी व नवीन विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री श्री पटेल के द्वारा नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान अंतर्गत आवासीय क्षेत्र, वाणिज्यिक क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, सार्वजनिक एवं अर्द्धसार्वजनिक स्थलों, सार्वजनिक उपयोगिताएं व सुविधाएं, पार्किंग स्थल, यातायात परिवहन व्यवस्था सहित सड़क मार्ग एवं रेलवे मार्ग के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान के अंतर्गत आवासीय क्षेत्रों में आवागमन हेतु बेहतर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान अंतर्गत आवासीय मकान में पार्किंग व्यवस्था, उचित जल निकासी प्रबंध एवं वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाना होगा। नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान अंतर्गत वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में आवागमन हेतु प्रमुख मार्ग तथा पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मंत्री श्री पटेल ने आयोजित बैठक में शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों पर चर्चा की। शासकीय कार्यालय, अस्पताल, स्कूल इत्यादि की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित रहेंगी। इस प्लान के अंतर्गत पार्किंग स्थल, पार्क, बाजार और सुलभ शौचालय इत्यादि की भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान के अंतर्गत यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। जिससे ट्रेफिक की समस्या न रहे तथा शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए अधिकांश प्रमुख मार्गों को राजमार्ग से जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे गेट में ओव्हर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, यह कार्य प्रगति पर है। रेलवे ओव्हर ब्रिज का निर्माण होने से आवागमन सुगम हो जाएगा। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नरसिंहपुर नगर के मास्टर प्लान के अंतर्गत विगत वर्षों में शहर के विभिन्न विकास क्षेत्रों को चिन्हांकित किया गया है। इन क्षेत्रों में नगर विकास कार्य एवं गतिविधियां संचालित हैं। नरसिंहपुर नगर क्षेत्र में आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा, जिससे नरसिंहपुर नगर के क्षेत्र में विस्तार हो सके।


