सागर के बांदरी थाना क्षेत्र में ढाबे पर फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पुलिस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की। सर्वजीत सिंह की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही लोधी समाज और राजनीतिक हलकों में नाराजगी फैल गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए सागर पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। मंत्री प्रहलाद पटेल ने लिखा कि सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रिय सर्वजीत सिंह जिला पंचायत सदस्य की सागर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है। दो वर्षों से इस प्रकरण में असमंजस बनाए रखना और फिर गिरफ्तार करना? यह सिर्फ अपमानित करने की कोशिश है। मैं ऐसी कार्रवाई की निंदा करता हूं।