MP - तेज धमाके से मचा हड़कंप , आग फैलते ही अफरा-तफरी का माहौल
रतलाम। आज व्यस्त रहने वाले चांदनी चौक क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आर्म्स दुकान में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। झुलसने के बाद एक व्यक्ति का मदद मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है। चांदनी चौक स्थित अब्दुल कादरी की आर्म्स दुकान में बंदूकें और अन्य सामग्री रखी हुई थी। घटना के बाद दुकान के भीतर खाली कारतूस भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि दुकान में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था, इसी दौरान निकली चिंगारी बारूद पर जा गिरी, जिससे विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि दुकान में रखा बारूद ही फटा या धमाके के पीछे कोई अन्य कारण है।



