आगर मालवा l सुसनेर की नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सिसौदिया ने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया है। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए
सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षद एकजुट हो गए थे। चर्चा तो यहां तक है कि उन्हें हटाने के लिए पार्षदों ने बाकायदा कसम खाई थी। गहमागहमी के इस माहौल में लक्ष्मी सिसोदिया ने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। 

विधायक भैरोसिंह परिहार की मौजूदगी में लक्ष्मी सिसोदिया ने कांग्रेस की सदस्यता ली। विधायक ने दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।

नगर परिषद में कुल 15 पार्षद हैं। 12 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ खुलकर विरोध जताया है। इनमें भाजपा के 7, कांग्रेस के 4 और एक निर्दलीय पार्षद शामिल हैं।

सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सिसौदिया के खिलाफ पार्षदों का विरोध तेज है। स्थिति यह है कि अध्यक्ष की पार्टी के पार्षद भी खुलकर विरोध में उतर आए हैं। शनिवार को डाक बंगला स्थित विश्राम गृह पर प्रेस वार्ता में 12 पार्षदों और प्रतिनिधियों ने एक स्वर में अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कुर्सी से हटाने की कसम खाई।