दतिया।  11वीं कक्षा के छात्र राज कुशवाहा की करंट लगने से हुई मौत के मामले में परिजनों और समर्थकों ने NH-44 पर चक्काजाम कर दिया। जिला मुख्यालय के सामने हुए चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब 40 मिनट तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, दतिया पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला मौके पर पहुंचे।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने आक्रोशित परिजनों और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।