चर्चा में पूर्व वन मंत्री की कांवड़ यात्रा,जनता का अपार समर्थन
श्योपुर l मानपुर स्थित त्रिवेणी संगम रामेश्वर धाम से भव्य कांवड़ यात्रा का नेतृत्व पूर्व वन मंत्री रामनिवास रावत ने किया। उनके साथ करीब 700 श्रद्धालु कांवड़ लेकर रवाना हुए, जो गांवों और कस्बों से गुजरते हुए विजयपुर क्षेत्र के प्राचीन छिमछिमा हनुमान मंदिर पहुंचेंगे।
यह कांवड़ यात्रा कुल 115 किलोमीटर लंबी है और इसका समापन 23 जुलाई को होगा। यात्रा के दौरान ढोढर, वीरपुर और विजयपुर में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। साथ ही जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान, विश्राम और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था की गई है। कई स्वयंसेवी संगठनों और ग्रामवासियों द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारे और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या और उनका उत्साह इस बात का प्रमाण है कि हमारे समाज में आज भी भक्ति और परंपराएं जीवंत हैं। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को छिमछिमा मंदिर में हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे l



