लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने किया भव्य चल समारोह का शुभारंभ
जबलपुर में विजयादशमी के अवसर पर नवयुवा दुर्गा समिति एवं श्री संकट मोचन हनुमान सेवा समिति गौतम मढ़िया, गढ़ा द्वारा भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी और हनुमान जी के रथ पर पुष्पमालाएँ अर्पित कीं और पूजा-अर्चना कर चल समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विजयादशमी का पर्व अन्याय पर न्याय, असत्य पर सत्य और अहंकार पर मर्यादा की जीत का प्रतीक है। उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरणों में नमन कर प्रार्थना की कि सभी के घरों में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने कहा कि जबलपुर, हमारी संस्कारधानी, विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े और इस यात्रा में हर नागरिक बराबरी से सहभागी बने।
इस कार्यक्रम में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, पूर्व विधायक श्री संजय यादव और रेलवे बोर्ड सदस्य सोनू बचवानी भी उपस्थित रहे। शुरुआत में सभी गणमान्य अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
भव्य चल समारोह ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकले इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चल समारोह के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी और हनुमान जी की प्रतिमाओं को रथ पर रखा गया और शहर के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली गई। श्री सिंह क्षत्रिय राजपूत समाज के आयोजन में भी पहुँचे लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह श्री सिंह क्षत्रिय राजपूत समाज के आयोजन में भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने महाराणा प्रताप के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।



