नर्मदापुरम जिले में 79 वां स्‍वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्‍वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में लोक निर्माण विभाग एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने ध्‍वजारोहण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात परेड दलो द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड दल का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक स्‍नेहा चंदेल और परेड 2 आईसी सूबेदार श्री सूरज जामरा ने किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने दल नायकों से परिचय भी प्राप्त किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात राष्‍ट्रध्‍वज तिरंगा के रंग में रंगे गुब्बारों को हवा में मुक्त कर देश के अमन चैन एवं खुशहाली के लिए कामना की गई।

      जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह के दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से एनआईसी एवं ई गवर्नेंस की टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश मुख्‍य अतिथि, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में उपस्थित नागरिकों ने पूरे एकाग्र भाव से सुना। मुख्यमंत्री डॉ यादव के संदेश में स्वतंत्रता के महत्व, विकास के संकल्प और जनभागीदारी पर जोर दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक आत्मसात किया। स्वतंत्रता दिवस का पर्व नर्मदापुरम जिले में हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुडे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में आमजन की व्यापक भागीदारी रही।

औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा जिला

प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन के दौरान समस्त जिले वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा  प्रदेश की जनता को दिए गए संदेश को ओजस्वी वक्तव्य बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा दिए गए उद्बोधन ने सभी के अंदर उल्लास का संचार उत्पन्न किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के विकास का जो रोडमैप बनाया गया है उससे निश्चित ही प्रदेश विकसित मध्य प्रदेश का नया अध्याय लिखेगा। अपने उद्बोधन के दौरान उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिले की क्षमताएं आकांक्षाएं अवसर एवं चुनौतियां जिले को विशेष बनाती हैं। उन्होंने कहा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी संकल्प ले कि हमारा जिला विकसित और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की आधारशिला बनेगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से पल्लवित नर्मदापुरम की भूमि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। सतपुड़ा की पहाड़ियों से घिरा यह क्षेत्र में जहां एक और पचमढ़ी की मनोहारी छठा है एवं दूसरी ओर मां नर्मदा की निर्मल धारा है। उन्होंने जिले की उपलब्धियां के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के दौरान नर्मदापुरम को प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से 23 इकाइयों को भूमि आवंटन किया जा चुका है इससे 18 हज़ार 126 करोड रुपए का पूंजी निवेश होगा एवं 24 हज़ार 277 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। जल जीवन मिशन के तहत जिला 87 प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन सुनिश्चित करने के साथ ही प्रदेश स्तर पर 11वें स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 67 हजार आवास स्वीकृत कर ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है। इसी के साथ मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना के अंतर्गत 2 लाख से अधिक लाडली बहनाओ को 240 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई है। नर्मदापुरम प्रदेश का एकमात्र ऐसा जिला है जहां पर सिल्क के मूंगा, इरी, तसर, मलबरी चारों प्रकार के रेशम का उत्पादन होता है। फार्म टू फैब्रिक की पूर्ण श्रृंखला यहां संचालित होती है। रेशम उत्पादन एवं धागा उत्पादन से 50 दीदीयो को लखपति दीदी बनाई गई है।  21 करोड़ की लागत से नर्मदा लोक का निर्माण किया जा रहा है। 2631 करोड़ की दूधी परियोजना का भी भूमिपूजन किया गया है। 148 करोड़ से अधिक की राशि से तवा सेतु का निर्माण। सीटी बजाओ बच्चे बुलाओ को राष्ट्रीय स्कॉच अवार्ड प्राप्त हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 7 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाकर गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में ई ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वन किया जा रहा है जिसके तहत 6 हज़ार से अधिक ई फाइल है संचालित की जा चुकी है। पचमढ़ी में आयोजित नागद्वारी मेला को ग्रीन इवेंट के रूप में रूपांतरित किया गया है एवं मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाया गया।

      मुख्य समारोह में पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, राज्‍यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे, प्रिति शुक्‍ला, मनोहर बडानी उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधिक्षक डॉ गुरकरन सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री एसएस रावत, डाीएफओ श्री मयंक गुर्जर, उपसंचालक एसटीआर ऋषभा, अपर कलेक्टर श्री राजीव रंजन पांडे, सिटी मजिस्‍ट्रेट श्री बृजेन्‍द्र रावत, एसडीएम नर्मदापुरम श्रीमती नीता कोरी सहित गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण एवं अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम में एकरुपता के साथ स्कूली बच्चों ने शानदार पीटी का प्रदर्शन किया।