मैहर l प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री और मैहर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने गुरूवार को जिले के प्रवास के दौरान संदीपनी विद्यालय मैहर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में जाकर विद्यालय की छात्र-छात्राओं से रूबरू बातचीत कर उन्हें प्रोत्साहित किया। प्रभारी मंत्री ने संदीपनी विद्यालय के नवीन भवन की ड्राइंग डिजाइन के अलावा निर्माणाधीन भवन का भी अवलोकन किया। कार्यकारी एजेंसी लोक निर्माण विभाग पीएचयू के अधिकारियों ने बताया कि मैहर में 30 करोड रूपये की लागत से संदीपनी उ.मा. विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। जिसे दिसम्बर माह तक पूर्ण कर स्कूल को हैण्ड ओव्हर कर दिया जायेगा। प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने संदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं से रूबरू चर्चा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की उच्च गुणवत्ता के लिए सभी संसाधन और सुविधायें स्कूलों में दे रही है। सरकारी स्कूलों में पढाई का स्तर भी बढा है। अब तो प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्रायें भी सरकारी स्कूलों में प्रवेश लेकर पढना चाहते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि खूब मन लगाकर पढे और जीवन में आगे बढे ताकि आपके परिवार, समाज, जिले और प्रदेश का नाम रोशन हो। इस मौके पर विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, एसडीएम मैहर दिव्या पटेल सहित विद्यालय के प्राचार्य एवं अध्यापक गण उपस्थित रहे।