भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए संघ की पहली पसंद हैं शिवराज सिंह चौहान
ग्वालियर । केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ग्वालियर में संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। बंद कमरे में दोनों के बीच 45 मिनट तक चर्चा हुई। दो साल बाद केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और संघ प्रमुख मोहन भागवत की यह मुलाकात हुई, लेकिन चौहान इस पर कुछ भी नहीं बोले। इस मुलाकात के बाद एक बार फिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चा शुरू हो गई है । सूत्रों की माने तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए संघ की पहली पसंद शिवराज सिंह चौहान ही हैं । राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर मीडिया के सवाल पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैंने इस बारे में न कभी सोचा और न सोच सकता हूं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम भी प्रमुख रूप से चल रहा है, लेकिन चौहान इस पर कुछ भी नहीं बोले और अपने मंत्रालय के कार्यों पर ही फोकस रखा।



