दो भाइयों का अपहरण कर की निर्ममता से हत्या...जांच में जुटी पुलिस

सिवनी l सुभाष वार्ड निवासी पूजा ढाकरिया ने अपने दोनों बेटों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पूजा ने बताया कि शाम करीब 5 बजे वह घरों में काम करने गई थी, इस दौरान दोनों बच्चे घर पर ही थे। रात करीब आठ बजे वह वापस लौटी तो बच्चे घर में नहीं मिले। रात 11 बजे तक भी उनका कोई पता नहीं चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन दोपहर करीब 2 बजे बच्चों के शव अंबा माई के जंगल में मिले। दोनों बच्चों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या की गई है। आरोपियों ने शवों को पत्थरों से ढंक दिया था। वारदात में किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।