थाने में धरने पर बैठे मंत्री : हथकड़ी लगाकर युवक की बेरहमी से पिटाई
श्योपुर में अगरा थाना क्षेत्र में पुलिस की कथित बर्बरता को लेकर जनता का आक्रोश फूट पड़ा। थाना प्रभारी सुमेर धाकड़ पर ग्रामीम रामगिर आदिवासी के साथ थाने के अंदर हथकड़ी लगाकर बेरहमी से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाकर थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि रामगिर आदिवासी को बिना उचित कारण हिरासत में लिया गया और फिर कानून के विपरीत हथकड़ी पहनाकर मारपीट की गई। पीड़ित के शरीर पर चोटों के निशान होने का दावा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने इसे मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया।धरने में भाजपा के राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त तुरसनपाल बरैया व भाजपा पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ नेता और समाजजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में थाना प्रभारी को तत्काल हटाने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। जनता और भाजपा नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



