जबलपुर l रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एडवोकेट प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा था। जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व सचिव सम्पूर्ण तिवारी ने आरोप लगाया कि रविवार शाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से बाहर निकलते समय साई के खिलाड़ियों ने अधिवक्ता अंकुश पटेल की कार रोककर रुपयों कीमांग की और उनके साथ मारपीट की। तिवारी के अनुसार आरोपियों ने उनकी जेब से दो सौ रुपये भी निकाल लिए। इस घटना की रिपोर्ट लार्डगंज थाने में दर्ज कराई गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने कहा कि रात में करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोग हॉकी और डंडे लेकर आए, गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तोड़फोड़ की। मारपीट में हॉस्टल में रुके एक व्यक्ति को चोटें आई हैं। तोड़फोड़ से करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।