सुनियोजित साजिश के तहत जिंदा लोगों को मरा बताकर कर दिया राशन पानी बंद
छतरपुर जिले के गौरिहार विकासखंड की ग्राम पंचायत चंद्रपुरा में जीवित लोगों को मृत बताकर उनकी पेंशन बंद कर दी गई है। आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते सरपंच पुत्र और सचिव ने मिलकर कई ग्रामीणों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए। इसके कारण पीड़ितों की पेंशन और राशन जैसी जरूरी योजनाएं अचानक बंद हो गईं। रामबाई, गिरिजा विश्वकर्मा समेत पंचायत में कार्यरत कल्लू अहिरवार का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि उन्हें मृत दिखाकर उनका वेतन रोक दिया गया। कल्लू अहिरवार ने जिला पंचायत सीईओ को शिकायत देते हुए कहा कि मैं जिंदा हूं, लेकिन कागजों में मर चुका हूं, अब मुझे न्याय चाहिए।यह पूरा मामला चुनावी दुश्मनी के चलते जानबूझकर किया गया, ताकि कुछ लोगों को सरकारी लाभ से वंचित किया जा सके।बिना जांच के किसी व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित करना केवल त्रुटि है या फिर सुनियोजित साजिश। फिलहाल पीड़ित न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं l


