कालीधर लापता : एक्टिंग के उस्ताद निकले मध्यप्रदेश के बल्लू दैविक बाघेला
भोपाल l बॉलीवुड के सुपरस्टार अभिषेक बच्चन की फिल्म 'कालीधर लापता' का प्रीमियर 4 जुलाई को OTT प्लेटफॉर्म ZEE 5 पर किया गया है। 'कालीधर लापता' में अभिषेक बच्चन के साथ एक्टिंग करने वाले बल्लू उर्फ दैविक बाघेला, दूरदर्शन मप्र व आकाशवाणी में समाचार वाचक श्री शरद बाघेला के पुत्र हैं। फिल्म कालीधर लापता में कालीधार यानि अभिषेक बच्चन और बल्लू यानि दैविक बाघेला के इर्द-गिर्द ही पूरी फिल्म केन्द्रित है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे "बल्लू" दैविक बाघेला ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग में वे 41 दिनों तक वव्यस्त रहे। जिसमें 30 दिनों तक उन्हें एबी सर (अभिषेक बच्चन) के साथ काम करने का मौका मिला। भोपाल के रहने वाले दैविक का जन्म सीहोर में हुआ। दैविक की बचपन से ही अभिनय में रुचि रही है। वह 4 साल की उम्र से थिएटर कर रहे हैं। दैविक अपने स्कूल द्वारा आयोजित होने वाले नाटकों में भी काम करते हैं। दैविक ने अपने अभिनय से फिल्म 'कालीधर लापता' के जरिए बालीवुड में कदम रखा है। दैविक की आने वाली फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है, जिसकी शूटिंग हाल ही में कोटा (राजस्थान) में पूरी की गई है। जिसका निर्देशन प्रतीश मेहता ने किया है।
दैविक को इंस्टाग्राम पर खुद अभिषेक बच्चन फॉलो करते हैं। इनके साथ-साथ लगभग 2 हजार लोग दैविक को फॉलो कर रहे हैं। 'कालीधर लापता' का ट्रेलर 21 जून को रिलीज हो चुका है, जिसे रिकार्ड तोड़ दो करोड़ से भी अधिक लोग देख चुके हैं।
फिल्म कालीधर लापता की शूटिंग भोपाल के आसपास ही हुई है। जिनमें भोजपुर मंदिर, आसपास के गांव, सलामतपुर स्टेशन, ओरछा घाट, मुंबई फिल्म सिटी, पालघर और सीहोर तहसील कार्यालय जैसी जगह शामिल है।



