नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आयोजित समय अवधि पत्रों की समीक्षा बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष रूप से फोकस करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) एवं तहसीलदारों को मूंग उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर किसानों से संवाद करें, उनकी समस्याओं को समझें तथा उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें।

टी.एल. बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी मूंग उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के साथ तौल कांटा, सर्वेयर, बारदाने (बोरे) एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को उपार्जन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिले के सभी पात्र किसानों का फसल बीमा सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को बीमा कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल क्षति की स्थिति में किसी भी किसान का बीमा दावा तकनीकी अथवा अन्य कारणों से निरस्त न हो तथा सभी पात्र किसानों को समय पर बीमा लाभ प्राप्त हो।

बैठक में जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों को गड्ढों की तत्काल मरम्मत एवं सड़क सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस अथवा संबंधित गौशालाओं में भेजने तथा पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुला छोड़ने की स्थिति में नियमानुसार जुर्माने की सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी सभी एसडीएम को दिए।

मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निचले क्षेत्रों की निरंतर निगरानी, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन दल द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित कर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की सहायता के लिए संचालित 24×7 बाढ़ हेल्पलाइन की सक्रियता एवं कार्यप्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन, संयुक्त कलेक्टर श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।