मध्यप्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित हुए वरिष्ठ रंगकर्मी अभिनेता सुनील सोन्हिया
भोपाल। Gyandaan Honorary Doctorate Awards Foundation, Delhi द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में फिल्म एवं रंगमंच के क्षेत्र में अभिनय और निर्देशन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी अभिनेता , निर्देशक सुनील सोन्हिया को “मध्यप्रदेश गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
भोपाल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में खेल, शिक्षा, कला, संस्कृति, साहित्य और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मध्यप्रदेश की लगभग 70 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि सुनील सोन्हिया लंबे समय से रंगमंच और फिल्म के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अनेक नाटकों और फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ निर्देशन के माध्यम से भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके कार्यों में सामाजिक सरोकार और रचनात्मक दृष्टि स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जिसके कारण उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। हाल ही में उनके द्वारा निर्देशित डॉक्यूमेंट्री फिल्म जामगढ़ श्री कृष्ण की ससुराल को खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग की गई थी जिसे अभिनेता अनुपम खेर, सुष्मिता मुखर्जी, राजा बुंदेला, सौरभ शुक्ला , पूनम ढिल्लो आदि ने बहुत सराहा था
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने सुनील सोन्हिया के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनका कार्य नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणादायी है।
सम्मान प्राप्त होने पर सुनील सोन्हिया ने इसे अपने साथियों, रंगमंच से जुड़े कलाकारों और सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी कला के क्षेत्र में सक्रिय रहकर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।



