बुरहानपुर। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, गरिमा, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 जून को विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया गया। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय के निर्देशानुसार इस अवसर पर वृद्धाश्रमों, डे-केयर केन्द्रों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपयुक्त स्थलों पर विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रमों के अंतर्गत संगोष्ठी, परिचर्चा, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध शासकीय सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही युवाओं एवं वरिष्ठजनों के मध्य संवाद को प्रोत्साहित कर उनके प्रति संवेदनशीलता एवं सम्मान का भाव विकसित करने का प्रयास किया गया।सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री दुर्गेश दुबे ने बताया कि यह दिवस समाज को यह संदेश देता है कि बुजुर्ग हमारे अनुभव, संस्कार और मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके साथ प्रेम, सम्मान एवं गरिमापूर्ण व्यवहार करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण एवं कल्याण के लिए लागू अधिनियमों एवं नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा वृद्धजनों के लिए सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है।