मेठवाड़ा (इंदौर) 27 जनवरी, 2026
कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको), इंदौर द्वारा आज ग्राम मेठवाड़ा की सेवा सहकारी समिति में 'सहकारिता सशक्तिकरण अभियान' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर के लोकप्रिय सांसद श्री शंकर लालवानी उपस्थित रहे।
सहकारिता से समृद्धि की ओर: सांसद लालवानी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि केंद्र में पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद से इस क्षेत्र में अभूतपूर्व गति आई है। उन्होंने बैंकिंग सुधारों और नई एक्सपोर्ट संस्थाओं का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे सहकारिता विभाग अब सीधे किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने किसान बंधुओं से आह्वान किया कि वे सहकारिता की इन नवीन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
मेठवाड़ा समिति को मिली आर.ओ. (RO) मशीन की सौगात-
अभियान के अंतर्गत सहकारिता सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए, मेठवाड़ा समिति को कृभको द्वारा निःशुल्क आर.ओ. (RO) मशीन प्रदान की गई। इसका लोकार्पण माननीय सांसद महोदय के कर-कमलों द्वारा किया गया, जिससे समिति में आने वाले किसानों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
खेती को लाभ का धंधा बनाने के गुर-
कृभको के क्षेत्रीय प्रतिनिधि श्री कुंदन गुर्जर ने संतुलित रासायनिक उर्वरक प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल जैविक खाद और रसायनों के सही मिश्रण से ही मिट्टी की उर्वरता बचाई जा सकती है और खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सकता है। वहीं, प्रशासक सहकारिता श्री अमित दुबे ने किसानों को कृभको के उच्च गुणवत्ता वाले अन्य उत्पादों के उपयोग की सलाह दी।
समिति प्रबंधकों को निर्देश-
कार्यक्रम के दौरान बेटमा शाखा के अंतर्गत आने वाले 10 समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे समितियों में कृभको उत्पादों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को ऐन वक्त पर खाद व अन्य सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।
गरिमामयी उपस्थिति-
इस अवसर पर श्री अमित दुबे (प्रशासक सहकारिता), श्री दशरथ पटेल (जनपद सदस्य), श्री संदीप यादव (सहायक संचालक कृषि), श्री परमानंद यादव (शाखा प्रबंधक, बेटमा) सहित क्षेत्र के अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय प्रतिनिधि कुंदन गुर्जर द्वारा किया गया।