विदिशा खंड में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ, एक ही स्थान पर मिल रही योजनाओं की जानकारी और सेवाएं
विदिशा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 16 से 18 जून तक रविंद्रनाथ टैगोर संस्कृतिक भवन आडिटोरिय में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों को शासन की योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, पंजीयन तथा सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और समय की भी बचत हो रही है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्तियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो अब तक किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रहे हैं। इसके साथ ही नागरिकों की शिकायतों, लंबित प्रकरणों एवं विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहकर आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा जनकल्याण शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राही शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, श्रम, कृषि तथा अन्य विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनकल्याण शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, पात्रता अनुसार आवेदन करें तथा अपनी समस्याओं के निराकरण का लाभ उठाएं। यह शिविर आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सेवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


