सोहागपुर। खरीफ सीजन को देखते हुए सोहागपुर अनुविभाग में उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था समीक्षा की गई। कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुश्री प्रियंका भलावी ने की।

बैठक में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, समिति प्रबंधक और किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान समितियों और डबल लॉक केंद्रों पर मौजूदा खाद स्टॉक की स्थिति परखी गई। किसान संगठनों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीएम प्रियंका भलावी ने बताया कि वर्तमान में अनुविभाग क्षेत्र में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि ई-टोकन प्रणाली से अग्रिम बुकिंग कर अपनी सुविधानुसार नजदीकी समिति से खाद का उठाव करें। इससे अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों से बचा जा सकेगा। बैठक में यह भी तय हुआ कि खाद वितरण पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा। किसानों तक समय पर सही जानकारी पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी किसान को सीजन में खाद के लिए परेशान न होना पड़े।