संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर हुई बड़ी दुर्घटना
वृंदावन । संत प्रेमानंद महाराज के श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। इस हादसे में गाजियाबाद निवासी एक महिला श्रद्धालु घायल हो गई, जबकि दूसरी महिला श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। रमणरेती चौराहा की ओर से तेज गति से आई कार अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर जा पहुंची। कार गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव बोहापुर निवासी करीब 40 वर्षीय महिला श्रद्धालु नीलम से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गईं। वहीं फिरोजपुर निवासी महिला श्रद्धालु कंचन घटना के बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं।



