नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे विंध्य क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। राजघराने की बहू योगिता सिंह को गोली लगने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच नए सिरे से चर्चा में आ गई है।घटना के बाद देर रात तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर परसमनिया गढ़ी के अंदर उस दिन हुआ क्या था। वीडियो में गढ़ी परिसर के भीतर भारी हंगामा दिखाई दे रहा है। कई लोग आपस में बहस करते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में "मारो-मारो" जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि घटना से पहले माहौल बेहद तनावपूर्ण हो चुका था।वायरल वीडियो में नागौद राजघराने के सदस्य रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा के साथ कथित रूप से मारपीट होती दिखाई दे रही है। उनके कपड़े फटे हुए नजर आ रहे हैं और शरीर पर संघर्ष के निशान दिखाई देने की बात कही जा रही है। राजपरिवार से जुड़े सूत्रों का दावा है कि विवाद के दौरान बाबा राजा पर हमला किया गया था। आरोप है कि राजघराने के पूर्वजों की तस्वीरों के फ्रेम तोड़कर उनके सिर पर वार किया गया। घटनाक्रम के दौरान गढ़ी में मौजूद बाबा राजा की महिला मित्र सुनीता सिंह परिहार पर फायरिंग करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपनी लाइसेंसी 22 बोर की बंदूक से कई राउंड फायर किए। इसी दौरान चली एक गोली बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगते ही गढ़ी में अफरा-तफरी मच गई और घायल योगिता सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। जांच के दौरान पुलिस ने सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लाइसेंसी 22 बोर की बंदूक जब्त की है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान चार खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।गोलीकांड के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी महिला को थाने के अंदर विशेष सुविधाएं दी जा रही थीं। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई है। फिर भी वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की निष्पक्षता और कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित गोलीकांड से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।