कृषक जयवीर सिंह सेंगर ने खरीदा सुपर सीडर कृषक को मिलेगी 01 लाख 20 हजार रूपये की सब्सिडी
अशोक नगर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में पराली प्रबंधन हेतु सुपर सीडर, हैप्पी सीडर का प्रचार प्रसार कर कृषकों को अनुदान पर सुपर सीडर प्रदाय करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषक श्री जयवीर सिंह सेंगर ग्राम सेहपुरा विकासखण्ड मुंगावली द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के उपरांत मेसर्स त्रिनेत्र एग्रीकल्चर वर्क अशोकनगर के माध्यम से सुपर सीडर यंत्र क्रय किया गया है । जिस पर 1,20,000 रूपये की सब्सिडी प्रदान की जायेगी। सुपर सीडर की कीमत 2,50,000 से 3,00,000 रूपये होती है। कृषक श्री जयवीर सिंह सेंगर द्वारा बताया गया कि सुपर सीडर से बुवाई से पहले पलेवा/सिंचाई नहीं करनी पड़ती है। तीन से चार बार खेत की जुताई करने में होने वाले डीजल की बचत होती है एवं पराली नहीं जलानी पड़ती है। मिट्टी का स्वास्थ्य खराब नहीं होता एवं पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है जिले के अन्य कृषकों से भी सुपर सीडर यंत्र अनुदान पर क्रय कर पराली प्रबंधन करने की अपील की गई है। धान की फसल की कटाई के बाद पराली जलाना प्रतिबंधित रहेगा। उपसंचालक कृषि एवं सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अपील की गई है की कृषक अधिक से अधिक हैप्पीसीडर, सुपर सीडर एवं स्मार्ट सीडर हेतु ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन करें।



