मप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
गाडरवाडा़ l मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य (राज्य मंत्री दर्जा) श्रीमती साधना स्थापक ने गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के सांईंखेड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम वनवारी, देवरी एवं मिढवानी में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण गुरूवार को किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर महिलाओं एवं बच्चों को प्रदान की जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। श्रीमती स्थापक ने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित नियमित गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं, इसलिए यहां उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान गणमान्य नागरिक, आंनगवाड़ी कार्यकर्ता और बच्चे मौजूद थे।


