सिने पार्श्व गायक सुरेश वाडकर ने सुनील सोन्हिया को मालवा संगीत सम्मान से किया सम्मानित
भोपाल l रविन्द्र नाट्य गृह इंदौर में आयोजित 39वां मालवा कला सम्मान समारोह संगीत मय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गायक, अभिनेता एवं निर्देशक सुनील सोन्हिया को मालवा संगीत सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सुप्रसिद्ध सिने पार्श्व गायक सुरेश वाडकर तथा मध्यप्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक केशव राय ने बताया कि यह आयोजन मालवा रंगमंच समिति एवं विश्व हिंदी एकादमी के संयुक्त तत्वावधान में पिछले 39 वर्षों से उज्जैन और इंदौर में निरंतर आयोजित किया जा रहा है। संस्था द्वारा फिल्म और संगीत जगत से जुड़ी हस्तियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश में संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाता है। उक्त कार्यक्रम में सिने पार्श्व गायक सुरेश वाडकर जी , पदमा सुरेश वाडेकर, चिंतन बाकलीवाल, इशिता विश्वकर्मा, अल्तमश खान, साहिबा आदि ने सुरेश वाडकर जी द्वारा गाए गीतों की प्रस्तुति दी
उल्लेखनीय है सुनील सोन्हिया ने पार्श्व गायक के रूप में फिल्म “अनसियबल” में “कॉल कर कर करके परेशान हो गया” गीत गाया है। इसके अलावा वे विभिन्न संगीत कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं और इन कार्यक्रमों में महान गायक मोहम्मद रफ़ी किशोर कुमार और मुकेश जी के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोहते रहे हैं।
समारोह में अनेक कलाकारों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति रही तथा कार्यक्रम संगीत और कला के रंगों से सराबोर रहा।


