एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने 700 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर दिलाई शपथ
भोपाल l वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित "सेफ क्लिक अभियान 2.0" के अंतर्गत आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज मिसरोद में व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों से अवगत कराते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया।
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर श्री शैलेंद्र सिंह चौहान, RKDF मेडिकल कॉलेज की डायरेक्टर डॉ0 शालिनी कपूर, डीन श्री कपूर, एडिशनल डीसीपी श्रीमती मिनी शुक्ला, एसीपी श्री रजनीश कश्यप, थाना प्रभारी श्री रतन सिंह ठाकुर एवं लगभग 700 विद्यार्थी एवं स्टॉफ मौजूद रहे
संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, फर्जी निवेश योजनाएं, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, यूपीआई एवं क्यूआर कोड फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी एवं बैंकिंग गोपनीय जानकारी की सुरक्षा सहित विभिन्न साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
छात्र-छात्र एवं शिक्षकों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर लगभग 700 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया।


