केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री को लिखा गया एक मार्मिक पत्र..., आप भी इसे पढ़िए
माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान जी
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार
नई दिल्ली
विषय : आपके द्वारा रोपे गए कदंब वृक्ष सहित 11 कदंब वृक्षों को काटे जाने की घटना में हस्तक्षेप का आग्रह।
महोदय,
पिछले वर्ष आपके करकमलों से कॉन्वेंट स्कूल, रायसेन के सामने रोपा गया कदंब का पौधा आज एक सुंदर वृक्ष का रूप लेकर लहलहा रहा है। यह वृक्ष केवल एक पौधा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति आपके संकल्प और रायसेन के नागरिकों के हरित प्रयास का जीवंत प्रतीक है।
दुर्भाग्य से, एक विक्षिप्त व्यक्ति लाल बादशाह द्वारा इस कदंब वृक्ष को काटने का प्रयास किया गया है। इससे भी गंभीर बात यह है कि दिनांक 05 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं सर्किट हाउस के सामने समिति द्वारा लगाए गए 11 कदंब वृक्षों को काट चुका है।
आपका प्रकृति और वृक्षों के प्रति प्रेम सर्वविदित है। इसलिए आपसे विनम्र आग्रह है कि इस गंभीर घटना का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को कदंब वृक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश देने का कष्ट करें।
यदि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया जाता है, तो उसका विधिवत चिकित्सकीय परीक्षण कराकर पागलखाने भेजने का प्रबंध करें।
महोदय, आपके द्वारा रोपा गया कदंब आज रायसेन की हरित स्मृति बन चुका है। आपकी एक पहल इन वृक्षों की रक्षा ही नहीं करेगी, बल्कि ‘कदम-कदम पर कदंब’ जैसे जनअभियान से जुड़े नागरिकों का मनोबल भी बढ़ाएगी।
आपके सहयोग और हस्तक्षेप की अपेक्षा है।
सादर
वृक्ष मित्र - हरीश मिश्र
रायसेन जिला विकास समिति, रायसेन
बस एक कदम और सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, रायसेन


