दतिया। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज दतिया विधानसभा के बसई में पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं पार्टी को धन्यवाद देता हूं कि आज बसईवासियों से मिलने का मौका मुझे दिया। आज आप सबको देख कर, आपके उत्साह को देख कर मेरा मन संतोष से भरा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति न तो कोई शौक है और न ही कोई धंधा, बल्कि यह जनता की सेवा का माध्यम है। हम भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र के पुनर्निर्माण, जनता के कल्याण, दरिद्र नारायण की सेवा एवं एक विकसित देश और मध्यप्रदेश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध, आत्मनिर्भर विकसित भारत के निर्माण के लिए हम काम कर रहे हैं। पार्टी जो काम देती है, हम निष्ठा के साथ करते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की ही कांग्रेस पार्टी में कोई पूछ-परख नहीं है, ऐसी पार्टी जनता का भला नहीं कर सकती। जनसभा को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल में डाकू पनपते थे
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2003 तक कुछ समय को छोड़कर, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रहीं। उस दौर में दतिया से लेकर शिवपुरी और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तक शाम 5 बजे के बाद लोग घरों से निकलने से डरते थे, क्योंकि पूरे इलाके में डकैतों का आतंक था। उन्होंने कहा कि उस समय एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों डाकू सक्रिय थे। अपहरण और सामूहिक हत्याएं आम बात थीं और अपहरण एक तरह का उद्योग बन गया था। उन्होंने कहा कि जब मैं मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बना तब ग्वालियर की एक बैठक में मैंने साफ कहा था, मध्यप्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान, दोनों एक साथ नहीं रह सकते। इसके बाद एक साल के भीतर सभी डकैत या तो मारे गए, जेल भेज दिए गए या फिर मध्यप्रदेश छोड़कर भाग गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस थी तो डाकू पनपते थे, यह कांग्रेस के डीएनए में है। कांग्रेस के समय प्रदेश की सड़कें भी बदहाल थीं, पता ही नहीं लगता था कि, सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। उन्होंने कहा कि उस दौर में मध्यप्रदेश अंधेरे में डूबा हुआ था, पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी और शिक्षा की स्थिति भी बेहद खराब थी। 
मोदी-मोहन के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के विकास को मिली नई रफ्तार
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को न अच्छी शिक्षा, न सड़कें, न पानी और न ही लोगों को सम्मान दिया, लेकिन आज मुझे गर्व है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम हुए। कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज और फिशरीज कॉलेज बनेंगे। उन्होंने कहा कि मां पीतांबरा मंदिर क्षेत्र के विकास के साथ-साथ बसई में भी कॉलेज की व्यवस्था की गई। कांग्रेस ने कभी ऐसे विकास कार्यों के बारे में नहीं सोचा, जबकि भाजपा सरकार ने उन्हें जमीन पर उतारा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के उन्नयन की दिशा में भी भाजपा सरकार ने काम किया, जिसकी कांग्रेस ने कभी चिंता नहीं की। जब क्षेत्र में भाजपा का विधायक होता है, तो विकास कार्यों में तेजी आती है। पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य पूरे हुए और किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी गई। बाद में कांग्रेस का विधायक चुनाव जीत गया। भाजपा सरकार ने किसी तरह का भेदभाव नहीं किया, लेकिन जनप्रतिनिधि की सक्रियता से विकास कार्यों को गति मिलती है। कांग्रेस विधायक के कार्यकाल में विकास के कई काम रुक गए और क्षेत्र की प्रगति प्रभावित हुई। 
अब सिर्फ लाड़ली बहना नहीं, लखपति दीदी बनाना लक्ष्य
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्यप्रदेश के गरीब परिवारों के लिए लगभग 15 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 8 लाख नए मकानों का कोटा भी तैयार है। इन नए आवासों में बसई के गरीब परिवारों को भी लाभ दिलाने की कोशिश की जाएगी ताकि हर गरीब का अपना घर बन सके। सरकार ने नए पात्र हितग्राहियों की पहचान के लिए दोबारा सर्वे कराया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक की सूची में शामिल सभी पात्र लोगों को आवास देने का काम पूरा हो चुका है और अब नए सर्वे के आधार पर पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब सरकार का लक्ष्य सिर्फ लाड़ली बहना योजना तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का संकल्प है कि देशभर की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर लखपति दीदी बनाया जाए। केंद्र सरकार का लक्ष्य देश में 3 करोड़ लखपति दीदी तैयार करने का है, और अब तो प्रधानमंत्री जी ने 6 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य तय कर दिया है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी का मतलब है कि हर महिला की सालाना आय कम से कम 1 लाख रुपये हो। 
वीबी-जी राम जी योजना गांवो के लिए वरदान
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए केंद्र सरकार ने विकसित भारत जी-राम जी योजना शुरू की है। अब गांवों के विकास के लिए इस योजना के जरिए बड़े पैमाने पर काम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इस योजना के लिए पूरे देश में 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं मध्यप्रदेश को करीब 6,500 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुमान के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत को अगले पांच वर्षों में औसतन करीब ढाई करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इस राशि से गांवों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े अधिकांश विकास कार्य पूरे किए जा सकेंगे और यह योजना गांवों के विकास के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ गांव अब भी नहर के पानी से वंचित हैं, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस संबंध में घोषणा कर चुके हैं और यह घोषणा शीघ्र ही पूरी होगी। दलहन मिशन, तिलहन मिशन और बागवानी से जुड़ी खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की कई योजनाएं संचालित हैं, जिन्हें राज्य सरकार के माध्यम से लागू किया जा रहा है। 
दतिया में कमल का खिलना तय
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा उम्मीदवार श्री आशुतोष तिवारी बचपन से सक्रिय रहे हैं, इन्होंने कभी अपने लिए काम नहीं किया। समाज के लिए अपना जीवन दे दिया। जो काम दिया, वो काम प्रामाणिकता के साथ करते रहे और इनको आदेश मिला कि पूरा समय देकर संगठन मंत्री बनना है, भारतीय जनता पार्टी का, तो जिस संभाग में श्री आशुतोष तिवारी गए, वहाँ भारतीय जनता पार्टी के संगठन में सफलता के झंडे गाड़ दिए। उसके बाद इनको हाउसिंग बोर्ड का अध्यक्ष भी बनाया गया, क्या प्रशासनिक क्षमता है श्री आशुतोष तिवारी की इन्होंने वहाँ भी सफलता के झंडे गाड़ दिए। अब पार्टी ने तय किया कि, दतिया विधानसभा क्षेत्र से जनता की सेवा का भार श्री आशुतोष तिवारी उठाएंगे, तो चुनाव लड़ने आ गए। मेरी सभी दतियावासियों से अपील है कि 30 जुलाई को कमल के फूल का बटन दबाकर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं।
क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को विजयी बनायें - श्री प्रहलाद सिंह पटेल
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दतिया के मतदाता सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें अल्प अवधि में दोबारा अपने जनप्रतिनिधि का चयन करने का अवसर मिला है। कांग्रेस विधायक ने पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र के विकास में अपेक्षित सहयोग नहीं दिया। अब जनता के पास विकासवादी जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर है और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनादेश का सम्मान करती है तथा विकास कार्यों में कभी दलगत आधार पर भेदभाव नहीं करती। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने दतिया में कांग्रेस का विधायक होने के जिले में जिला पंचायत का नया भवन, अटल पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की सभी कमियों को दूर किया जाएगा तथा केंद्र व राज्य सरकार मिलकर दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की ईमानदारी और जनसेवा की भावना पर भरोसा जताते हुए मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद-
बसई जनसभा में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, श्री धर्मेंद्र लोधी, श्री गौतम टेटवाल, ग्वालियर सांसद एवं दतिया उपचुनाव के प्रभारी श्री भारत सिंह कुशवाह, संभाग प्रभारी श्री अभयप्रताप सिंह यादव, जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक श्री प्रीतम लोधी, श्री केशव बघेल, पूर्व मंत्री श्री सुरेश राठखेड़ा, श्री श्यामसुंदर यादव, श्री भैया साहब लोधी, प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्री घनश्याम पिरोनिया, शिवपुरी जिला अध्यक्ष श्री जसमंत सिंह जाटव, श्री प्रेमसिंह राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी मंचासीन रहे।