गाँव में विकास और निर्माण कार्य कर प्रगति लाई जाएगी - मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

मंडला l लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम जामगांव में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विकास कार्यों की सौगात और नववर्ष की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से विभिन्न जनकल्याण के कार्य संपन्न होंगे। इससे इस क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। सभी के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं एवं निर्माण कार्यों के माध्यम से लगातार विकास कर रही है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के आगमन पर ग्रामीणजनों ने उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। कलश यात्रा निकाली गई। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने इस अवसर पर मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर भूमिपूजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित थे।