ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देगा यह नवाचार - मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
मंडला l कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की विशेष पहल पर जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट संकल्प का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट के जिला योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके पश्चात सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रोजेक्ट संकल्प को लॉन्च किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रोजेक्ट संकल्प अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। इससे जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस योजना की जानकारी अपने परिवार और आसपास के अन्य बच्चों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि यह पहल मंडला के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाली है। गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह नवाचार निश्चित रूप से जिले के शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। क्या है प्रोजेक्ट संकल्प ? प्रोजेक्ट संकल्प पर जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि यह प्रोजेक्ट जिले की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिले के 80 शासकीय विद्यालयों में विद्यालय समय से पहले प्रातः 9:30 से 11 बजे तथा विद्यालय समय के बाद शाम 4:30 से 5 बजे तक निःशुल्क कोचिंग संचालित की जाएगी। इसके लिए प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था फिजिक्स वाला के साथ समन्वय किया गया है। विद्यार्थियों को रिकॉर्डेड लेक्चर, डाउट क्लियरिंग सेशन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन की सुविधा भी मिलेगी। प्रथम बिन्दु - प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रोजेक्ट संकल्प के संबंध में एपीसी श्री मुकेश पांडे ने बताया कि जिले में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 85 प्रतिशत विद्यार्थी उचित मार्गदर्शन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे तथा कई विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग के लिए पलायन करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की परिकल्पना पर प्रोजेक्ट संकल्प शुरू किया गया है। प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को जेईई, नीट, सीयूईटी एवं क्लेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, साप्ताहिक टेस्ट, मॉक टेस्ट, ओएमआर आधारित परीक्षा, मेंटरशिप, फॉर्म भरने में मार्गदर्शन तथा करियर विशेषज्ञों एवं चिकित्सकों, इंजीनियरों के गेस्ट लेक्चर की सुविधा मिलेगी। द्वितीय बिन्दु - गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल प्रोजेक्ट संकल्प के तहत न सिर्फ जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग दी जायेगी बल्कि कौशल विकास आधारित शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करना भी इसका उद्देश्य है। जिसके लिए कक्षा 11वी एवं 12वी के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस रखा जायेगा। प्रोजेक्ट के अंतर्गत शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु एमसीक्यू आधारित मासिक परीक्षाएं, ग्रेडिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग, टॉपर क्लब, रिमेडियल कक्षाएं, मॉडल उत्तर, अभिभावक-शिक्षक बैठक तथा प्रत्येक माह उत्कृष्ट विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राचार्यों के सम्मान जैसे प्रेरक माध्यम अपनाए जायेंगे। करियर मार्गदर्शन पुस्तिका एवं करियर पाथ पोस्टर लॉन्च इस अवसर पर करियर मार्गदर्शन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तिका का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषयवार करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, आवश्यक योग्यता एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। इसके साथ ही करियर पाथ पोस्टर का विमोचन भी किया गया। यह सामग्री विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेगी। इसे विद्यालयों, पंचायतों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराया जाएगा। अतिथियों का कलम - पुस्तिका देकर स्वागत कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के स्थान पर कलम एवं पुस्तक भेंट कर किया गया। शिक्षा विभाग की इस अभिनव पहल की सभी अतिथियों ने सराहना करते हुए कहा कि यह ज्ञान और शिक्षा के प्रति सम्मान का प्रतीक है तथा इस पहल को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक अवश्य पहुंचाया जाना चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रही।


