प्रभावित क्षेत्रों में तरबूज फसल नुकसानी का सर्वे कार्य जारी

बुरहानपुर l कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार जिले में तरबूज फसल नुकसानी आंकलन के लिये अधिकारियों-कर्मचारियों का संयुक्त दल गठित किया गया है। संयुक्त दल शीघ्रता से सर्वे कर नुकसानी आंकलन पूर्ण करते हुए संबंधित अधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। प्राप्त निर्देशों के परिपालन में आज ग्राम बोदरली व खामनी में संयुक्त दल द्वारा किसानों के समक्ष तरबूज फसल नुकसानी का सर्वे कर जायजा लिया गया। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी सर्वे कार्य जारी है। नुकसानी सर्वे उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। प्रभावित क्षेत्र ग्राम खामनी व भावसा में तहसीलदार श्री दयाराम अवास्या, ग्राम फोपनारकलां, तुरकगुराड़ा, मेथा खारी, पिपरी रैयत, व संग्रामपुर में नायब तहसीलदार श्री गोविंदसिंह रावत के नेतृत्व में सर्वे कार्य किया जा रहा है। वहीं ग्राम बोरदली में नायब तहसीलदार श्री राजेन्द्र सिंह चौहान, ग्राम लोनी, बिरोदा, पातोंडा, हतनूर, बहादरपुर व चिंचाला में तहसीलदार श्री प्रवीण ओहरिया तथा ग्राम बसाड़ हेतु तहसीलदार श्रीमती ललीता गाडरिया को फसल नुकसानी का आंकलन संयुक्त दल द्वारा किये जाने की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त दल में उद्यानीकि, कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारीगण-कर्मचारीगण शामिल है। इसी क्रम में तहसील खकनार में तहसीलदार खकनार श्री रामलाल पगारे, वृत्त डोईफोड़िया में नायब तहसीलदार श्री जगदीश बिलगावेेेे तथा वृत्त तुकईथड़ में नायब तहसीलदार सुश्री कविता सोलंकी के मार्गदर्शन में सर्वे कार्य किया जाना है।