भोपाल l प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में 15 से 29 जुलाई 2026 तक मनाए जाने वाले गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का बुधवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मां सरस्‍वती एवं गुरु वंदना की। भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान को केंद्र में रखते हुए आयोजित किए जा रहे इस पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था विकसित करना और विद्यालयों में सकारात्मक एवं संस्कारमय शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।

पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें गुरु के महत्व पर भाषण प्रतियोगिता, ‘मेरे जीवन में गुरु’ विषय पर निबंध लेखन, संस्कृत श्लोक, गुरु वंदना, भजन प्रस्तुति, योग एवं ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता, कॅरियर मार्गदर्शन, प्रेरक व्याख्यान, ‘एक गुरु–एक वृक्ष’ अभियान, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम), स्वच्छता एवं जनजागरूकता रैली और  ‘गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद’ प्रमुख रहेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।