उज्जैन । चिमनगंज थाना क्षेत्र में भारतीय टीम की जीत का जश्न उस समय हिंसक विवाद में बदल गया, जब पटाखे फोड़ने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट हो गई। इस घटना में महिलाओं सहित 10 से अधिक लोग घायल हो गए। मामला रविवार रात  राज रॉयल कॉलोनी का है।कुछ लोग भारतीय टीम की जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर वहीं रहने वाले दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के करीब एक दर्जन लोग डंडे और हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और कॉलोनी के लोगों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।