अफवाह फैली और देखते ही देखते मुस्लिम समाज के लोग और महिलाएं थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए
उज्जैन l बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान 23 जून को 40 फीट ऊंचाई पर टाटा मैजिक वैन लटकाकर उसमें विस्फोट करने के मामले की पुलिस जांच उस वक्त विवादों में घिर गई जब अडान मोहल्ला में आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस टीम गलती से दो गलत घरों में प्रवेश कर गई। इसके बाद अफवाह फैल गई और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। दर असल थाना प्रभारी कमलेश सिंगर महिला पुलिस बल के साथ एक आरोपी को लेकर अडान मोहल्ला पहुंचे थे। आरोपी ने माहौल बिगाड़ने की नीयत से पार्षद के देवर के घर की ओर इशारा कर दिया। पुलिस उसके बताए अनुसार जब घर में दाखिल हुई, तो पता चला कि वह गलत घर था। इसी दौरान अफवाह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, विशेषकर महिलाएं, थाने पहुंच गईं और धरने पर बैठ गईं।दूसरी तरफ पार्षद पति फकीर मोहम्मद ने कहा कि पुलिस मेरे छोटे भाई के घर में दाखिल हुई थी। पूरा मामला गलतफहमी का है। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता नहीं हुई। इस मामले को लेकर हम पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात करेंगे।पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण, संयमित और विधिसम्मत तरीके से की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी महिला के साथ न तो मारपीट की गई और न ही अनावश्यक बल प्रयोग किया गया। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना था। साथ ही नागरिकों से भ्रामक जानकारी न फैलाने की अपील की गई है।


