ग्राम सिकरोदा में आयोजित हुई उर्वरक पाठशाला, किसानों को जैव उर्वरकों के उपयोग के लिए किया प्रेरित
मुरैना जिले के ग्राम सिकरोदा में उर्वरक पाठशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 75 किसानों के साथ इफको अधिकारियों एवं इफको ई-बाजार के कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको के राज्य विपणन प्रबंधक, भोपाल डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी रहे, जबकि अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक श्री तोताराम ने की। कार्यक्रम में इफको मुरैना के मुख्य क्षेत्र प्रबंधक डॉ. बी.एस. जादौन ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए जैव उर्वरकों के अधिकाधिक उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के साथ इफको के नवीन बायो-फर्टिलाइजर उत्पाद अपनाने से भूमि की गुणवत्ता बेहतर होगी। उन्होंने राज्य शासन द्वारा लागू की गई ई-टोकन प्रणाली की भी विस्तार से जानकारी दी। इफको के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी ने किसानों से बायो-फर्टिलाइजर, सागरिका एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी, खेती की लागत में कमी आएगी तथा उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी। कार्यक्रम के अंत में इफको बाजार, मुरैना के विक्रय अधिकारी श्री प्रदीप शर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।


