मुरैना। हाल ही में सोशल मीडिया पर “सड़क किनारे मिली सप्लाई की 500 और 100 एन.एस. बोतलें” शीर्षक से एक खबर वायरल हो रही है। इस समाचार को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पदमेश उपाध्याय को वस्तुस्थिति की जांच कर सत्यता से अवगत कराने के निर्देश दिए। जांच के उपरांत डॉ. पदमेश उपाध्याय ने बताया कि सुबह पहाड़गढ़ से कैलारस मार्ग के किनारे कुछ एन.एस. 100 एवं एन.एस. 500 बोतलें पाई गईं, जिनके बैच नंबर FNA25247 और CNB25374 हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त बैच नंबर की कोई भी दवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पहाड़गढ़ को आवंटित नहीं की गई है। डॉ. उपाध्याय ने संभावना व्यक्त की कि ये बोतलें संभवतः किसी दवा परिवहन ट्रक से दुर्घटनावश गिर गई होंगी। वायरल हो रही खबर का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पहाड़गढ़ से कोई संबंध नहीं है।