ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप-II के अंतर्गत हुई कार्यवाही
इंदौर l वन विभाग द्वारा वन एवं वन्य-जीव एवं उनके रहवास की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए 10 जनवरी से 10 फरवरी, 2026 तक राज्य स्तरीय ऑपरेशन वाइल्ड लाइफ ट्रेप-II अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत दुर्लभ प्रजाति के 4 नग कछुओं के साथ आरोपी अर्पित झालानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्टेट टाइगर फोर्स इकाई इंदौर को 19 जनवरी को वन्य-जीव अपराध की सूचना प्राप्त होने पर वन परिक्षेत्र इंदौर के संयुक्त दल द्वारा कार्यवाही करते हुए इंदौर में 4 नग जीवित कछुए जप्त किये गये।
आरोपी अर्पित पिता अशोक झालानी, निवासी स्कीम नम्बर-94, इंदौर के निवास से सर्चिंग के दौरान 4 जीवित कछुए जप्त कर आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण कायम कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी की न्यायिक अभिरक्षा स्वीकृत करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया।
वन्य-जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दुर्लभ प्रजाति के कछुओं को अवैध रूप से पकड़ने, रखने पर 7 वर्ष तक के कारावास एवं जुर्माने से दण्डित किये जाने का प्रावधान है।



