धार l मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक श्री महेन्द्रसिंह यादव ने आज अपने धार जिले के प्रवास के दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, धार के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर जिले की सहकारी संरचना और विकास कार्यों की समीक्षा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशासक श्री यादव ने केंद्र एवं राज्य प्रशासन की योजनाओं द्वारा किसानों के लिए किए गए कार्य व उपलब्धियों के बारे में बताया। बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सहकारिता के मूल उद्देश्यों को पूर्ण करने के लिए किसानों से सीधा और निरंतर संपर्क बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हम सभी का यह नैतिक एवं प्रशासनिक दायित्व है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े किसान तक पहुँचाने का कार्य करें, ताकि कृषि विकास की राह में कोई बाधा न आए।

समारोह में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने 'जय जवान, जय किसान' के उद्घोष के साथ अपने संबोधन में कहा कि देश के निर्माण में किसानों का योगदान सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जाने वाले अल्पावधि फसल ऋण की समय-सीमा को बढ़ाकर एक वर्ष कर दिया गया है, जो पूर्व में 6 माह थी। शासन की योजनाओं को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब मजदूरों के खातों में सहायता राशि सीधे अंतरित (DBT) की जाएगी।

मंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और 'जी-राम' (संवाद और जन-सुविधा) संबंधी पहल की जानकारी दी।कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासक श्री यादव ने किसानों को बचत खातों, नए सदस्यों को अंश प्रमाण-पत्र तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) वितरित किए। साथ ही, बैंक परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया । इस दौरान विधायक श्रीमती नीना वर्मा, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।