बरेली l लेजर लाइटों से जगमगाता 'शिवोहम' का मंच, हर-हर महादेव उद्घोष से गूंजता परिसर और पद्मश्री कैलाश खेर के स्वर। इन सबका संगम हुआ तो बृहस्पतिवार को बरेली में शाहजहांपुर रोड स्थित कॉम्पिटेंट इंटरनेशनल सिटी में सजे मंच की गूंज पूरे शहर ने महसूस की। 15 हजार शहरवासियों ने शिव का वर्चुअल साक्षात्कार किया। पूरी नाथ नगरी बगड़ बम बबम... की स्वर लहरी पर झूम उठी। अमर उजाला परिवार की ओर से आयोजित शिवोहम के शुभारंभ से दो घंटे पूर्व ही सैकड़ों की तादाद में शहरवासी पहुंचने लगे थे। शाम छह बजे से मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ और देर रात तक चलते रहा।