नई दिल्ली । हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली दौरे से शिमला लौट रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट के लिए फाइनल किए गए नामों पर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने अपनी मुहर लगा दी है। कल हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का कैबिनेट विस्तार हो सकता है. हिमाचल कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का यह अनौपचारिक दिल्ली दौरा था वह सोनिया गांधी का हाल-चाल जानने आए थे जो सांस संबंधी दिक्क्तों से जुड़ी रूटीन जांच के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं दिल्ली के सूत्रों से पता चला कि उन्होंने यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात कर कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों के नामों पर चर्चा की। आज विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के बाद आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सदन में अपना जवाब देंगे। मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना को देखते हुए राजभवन सचिवालय शपथ ग्रहण की तैयारियों में जुट गया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 7 जनवरी को गोवा जाना था अब राज्यपाल ने अपने दौरे को एक दिन टालकर 8 जनवरी कर दिया है। गवर्नर 8 से 12 जनवरी तक प्रदेश से बाहर रहेंगे। वह धर्मशाला से शिमला लौट आए हैं।
मीडिया के अनुसार कांगड़ा से सुधीर शर्मा चौधरी चंद्र कुमार जिला सिरमौर से हर्षवर्द्धन चौहान किन्नौर से जगत सिंह नेगी बिलासपुर से राजेश धर्माणी और कुल्लू से सुंदर ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय है। शिमला से विक्रमादित्य सिंह रोहित ठाकुर और अनिरुद्ध सिंह के बीच कड़ा मुकाबला चला रहा है। सोलन से धनीराम शांडिल और रामकुमार चौधरी भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। वहीं प्रदेश सरकार के इतिहास में छठवीं बार राज्य मंत्रिमंडल में एक भी महिला मंत्री नहीं होगी। वर्ष 1967 1980 1985 1990 और 1998 में बनी सरकारों में भी आधी आबादी की मंत्रिमंडल में भागीदारी नहीं थी।