देश में वाहनों की खुदरा बिक्री 2022 में 15.28 फीसदी बढ़कर 2,11,20,441 इकाई पहुंच गई। 2021 में खुदरा बाजार में कुल 1,83,21,760 वाहन बिके थे। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने बृहस्पतिवार को बताया कि कैलेंडर वर्ष 2022 में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़ी। 2020 की तुलना में इसमें 17 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
हलांकि, कोविड पूर्व यानी 2019 के मुकाबले बिक्री अब भी 10 फीसदी कम रही। वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री 2022 में 8,65,344 इकाई पहुंच गई। यह 2021 में बिके 6,55,696 वाहनों से 31.97 फीसदी अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 2019 के करीब पहुंच गई है। तिपहिया वाहनों की बिक्री 71.47 फीसदी बढ़कर 6,40,559 इकाई पहुंच गई। 

महंगाई ने थामी दोपहिया की रफ्तार : दोपहिया वाहनों की बिक्री 2022 में 13.37% बढ़कर 1,53,88,062 इकाई पहुंच गई। हालांकि, दिसंबर में बिक्री 11.19% घटकर 11,33,138 इकाई रह गई। महंगाई व लागत बढ़ने और ई-वाहनों की मांग से बिक्री घटी है। 

यात्री वाहनों और ट्रैक्टर ने बनाया रिकॉर्ड : पिछले साल 34,31,497 यात्री वाहन बिके। यह आंकड़ा 2021 में बिके 29,49,182 यात्री वाहनों से 16.35% ज्यादा है। फाडा के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, यह यात्री वाहनों की सर्वाधिक खुदरा बिक्री है। ट्रैक्टर की बिक्री बढ़कर रिकॉर्ड 7.94 लाख पहुंच गई। 2021 में 7,69,638 ट्रैक्टर बिके थे। बिक्री 2020 व 2019 से बेहतर रही।