MP: पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी
टीकमगढ़ l पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाना टीकमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उमिता राहुल लोधी ने 21 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। अगले दिन 22 फरवरी को ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की एक आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट किया गया। कमेंट में उन्हें, उनके पति एवं पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने तथा बम से उड़ाने की धमकी दी गई। उन्होंने तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया।उसी रात करीब 11 बजे दोनों युवक चेहरा ढककर वहां आए और बंगले के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उमिता लोधी ने उन्हें अपने घर के छज्जे से देखा। आरोप है कि युवकों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दोहराई।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (बी), 351 (3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



