नई दिल्ली । आईपीएल शुरु होने से पहले ही एक बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है l जिसके केंद्र हैं  भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान और बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफ़िज़ुर रहमान। दरअसल आईपीएल 2026 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदे जाने का फैसला विवादों की आग में घी डालने वाला साबित हुआ। KKR के सह-मालिक शाहरुख़ ख़ान पर सीधा निशाना साधते हुए संगीत सोम ने उन्हें “गद्दार” तक कह डाला और खुले मंच से इस फैसले का विरोध किया।मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए संगीत सोम ने तल्ख़ लहजे में कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर खेलने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। उन्होंने शाहरुख़ ख़ान पर हमला बोलते हुए कहा कि अभिनेता शाहरुख़ ख़ान जैसे गद्दारों को यह समझ लेना चाहिए कि अगर आप आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं तो इस देश के लोगों की वजह से पहुंचे हैं। यहीं नहीं, सोम का हमला और भी तीखा होता गया। उन्होंने आरोप लगाया कि KKR का यह फैसला देश की भावनाओं के खिलाफ़ है। उन्होंने कहा कि कभी पाकिस्तान को चंदा देने की बात करते हैं, कभी रहमान जैसे खिलाड़ी खरीदने की बात करते हैं। यह अब इस देश में नहीं चलेगा। ऐसे गद्दारों के लिए देश में कोई जगह नहीं बचेगी।