नरसिंहपुर l मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद कार्यालय में मिट्टी गणेश- सिद्ध गणेश निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यशाला में विकासखंड समन्वयकों, माटी कला से जुड़े कालाकारों ने सहभागिता कर मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया।

      जिला समन्वयक मप्र जनअभियान परिषद श्री जय नारायण शर्मा ने बताया कि मप्र जनअभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वाधान में सम्पूर्ण प्रदेश में 10 लाख मिट्टी गणेश- सिद्ध गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिलेभर के मास्टर ट्रेनर्स ने सहभागिता की। अब मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से विकासखंड एवं सेक्टर स्तर पर मिट्टी गणेश- सिद्ध गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। यह कार्य गांव- गांव में अभियान के रूप में चलाया जाएगा और आने वाली गणेश चतुर्थी में पर्यावरण के अनुकूल एवं प्रदूषण मुक्त गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।