भारत और पाकिस्तान के बीच अब द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं होगी
नई दिल्ली । खेल मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय खेल मुकाबले नहीं होंगे लेकिन भारतीय टीम को एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा।
दरअसल, गुरुवार को खेल मंत्रालय ने भारत के अंतर्राष्ट्रीय खेल संबंधों के संबंध में नई नीति जारी की है, जिसमें खास तौर पर पाकिस्तान के साथ संबंधों पर जोर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार ये नीति तुरंत प्रभावी हो गई है। पीटीआई के मुताबिक, खेल मंत्रालय की नीति में कहा गया है कि, पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों में भारत का दृष्टिकोण उसी व्याप नीति को दर्शाता है जो उस देश के साथ भारत के संबंधों में अपनाई गई है। जहां तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल आयोजनों का सवाल है तो भारतीय टीम पाकिस्तान में होने वाले मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेगी। पाकिस्तान की टीमें भी भारत में द्विपक्षीय मैच खेलने की अनुमति नहीं पाएंगी।



