जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार जल्दी ही ऐसी नीति लेकर आ रही है, जिससे प्रदेश के किसान डिफाल्टर नहीं होंगे। यह जानकारी अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने शुक्रवार को जबलपुर प्रवास के दौरान संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के कामकाज की समीक्षा के लिये आयोजित बैठक में दी।

श्री यादव ने बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का नियमित भ्रमण करने तथा सदस्यता अभियान को गति प्रदान कर अधिक से अधिक किसानों समितियों का सदस्य बनाने के निर्देश दिये।

अपेक्स बैंक के प्रशासक ने कहा कि मध्यप्रदेश में डॉ मोहन यादव की सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सहकारी बैंक इसमें सबसे बड़े सहयोगी बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपैक्स बैंक, जिला बैंकों एवं पैक्स (प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति) के माध्यम से छोटे, मझौले और बड़े किसानों को एक वर्ष की अवधि के लिये शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 3 लाख रूपये तक का ऋण प्रदान कर रही है। यह योजना किसानों को खाद, बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता प्रदान करेगी। इससे किसानों को निजी साहूकारों और महंगे ऋणों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत काम करने में मदद मिलेगी।

बैठक में संयुक्त आयुक्त राकेश पांडे, अपेक्स बैंक के ओएसडी आर सी पटले, प्रशासक के ओएसडी अभय प्रधान, अपेक्स बैंक की संभागीय शाखा प्रबंधक श्रीमति किरण साहू तथा जबलपुर, छिंदवाड़ा, एवं सिवनी सहित संभाग के सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद थे।