प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का दौरा किया। पीएम मोदी ने बुलंदशहर में 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और राष्ट्र को समर्पित किया। ये परियोजनाएं रेल, सड़क, तेल, गैस, शहरी विकास और आवास जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित हैं। इस दौरान अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र ने देश को कल्याण सिंह जी जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। उन्होंने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जी और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त भारत के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति और बढ़ानी है।