पिस्टल दिखाकर वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर उसे वायरल कर दहशत फैलाने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई
रीवा में सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराकर रौब झाड़ने वाले युवक का भौकाल कुछ ही दिनों में उतर गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और फिर शहर में उसका जुलूस निकालकर कानून का सख्त संदेश दिया।
रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान निपानिया निवासी अक्षत सोनी के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का सार्वजनिक रूप से जुलूस भी निकाला। जो युवक कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपना रौब दिखा रहा था, वही अब हथकड़ी पहनकर पुलिस की गिरफ्त में नजर आया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


