नशे में धुत्त होकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, पुलिस ने निकाला जुलूस
देवास l नववर्ष के जश्न से पहले उज्जैन शहर की सड़कों पर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार शाम देवासगेट थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक टवेरा/एसयूवी वाहन में सवार चार नशेबाजों को गिरफ्तार कर सख्त संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे थे। कोयला फाटक क्षेत्र में लगे बैरिकेड्स तोड़कर वे सुदामा नगर की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस की तत्परता से एफआरवी वाहन ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े जाने पर चारों आरोपियों ने पुलिस से बहस की और खुद को वीवीआईपी कारकेड से जुड़ा बताते हुए कुछ अधिकारियों के नाम लेकर पुलिसकर्मियों को धमकाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए, जिनमें कुछ अधिकारियों के नंबर भी मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए चारों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला।
सभी आरोपी नशे में धुत्त होकर तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे।
पुलिस का कहना है कि नववर्ष के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


